अंबेडकरनगर। भीटी थाना क्षेत्र के वनखोदवा गांव में महिला की हत्या के बाद हुई आगजनी के मुकदमे ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आगजनी के आरोप में दर्ज एफआईआर में एक ऐसे व्यक्ति का नाम भी शामिल है, जिसकी ग्रामीणों के मुताबिक दो साल पहले ही मौत हो चुकी है। मृत व्यक्ति को आरोपी बनाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज करने से पहले नामजद लोगों के सत्यापन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वनखोदवा गांव में 13 अक्टूबर को सुषमा की हत्या हुई थी। घटना के अगले दिन 14 अक्टूबर को आरोपी के घर में आगजनी हुई। इस मामले में आरोपी के भाई अमन निषाद की तहरीर पर भीटी पुलिस ने 22 नामजद और करीब 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एफआईआर में महेश कुमार निषाद पुत्र बाबूलाल निषाद का नाम भी शामिल किया गया है।
ग्रामीणों का दावा है कि महेश कुमार निषाद की दो साल पहले ही मौत हो चुकी है। ऐसे में सवाल है कि जब संबंधित व्यक्ति जीवित ही नहीं है तो उसका नाम आगजनी के मुकदमे में आरोपी के तौर पर कैसे दर्ज हो गया। क्या एफआईआर दर्ज करने से पहले नामजद लोगों की पहचान और उनके बारे में जरूरी जानकारी का सत्यापन किया गया था? ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मृतक का नाम किन परिस्थितियों में मुकदमे में शामिल हुआ।









