केरल में कांग्रेस विधायक से कार्यकर्ताओं की झड़प

7 पर केस; हाथ मरोड़ने का वीडियो सामने आया

विधायक राम्या हरिदास की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

तिरुवनंतपुरम। केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के चिरयिनकीझु में शुक्रवार रात कांग्रेस विधायक राम्या हरिदास और पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद झड़प हो गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग विधायक के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में विधायक का हाथ पीछे की ओर मोड़ते हुए दिखाई देता है।

घटना के बाद राम्या हरिदास को चिरयिनकीझु तालुक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। विधायक की शिकायत पर पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य सजित मुथंबलम, पार्टी नेता साजद समेत सात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

हाथ छोड़ने के लिए कहती दिखीं विधायक

सामने आए वीडियो में राम्या हरिदास कुछ लोगों के बीच घिरी नजर आती हैं। इस दौरान उनका हाथ पीछे की ओर मोड़ा जाता है। विधायक हाथ छोड़ने के लिए कहती दिखाई देती हैं और सामने मौजूद व्यक्ति से उसकी पहचान पूछती हैं।

घटना के बाद पुलिस ने विधायक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सऐप पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, विवाद विधायक के स्टाफ सदस्य पालयम प्रदीप के ब्लॉक पंचायत समिति की बैठक में शामिल होने को लेकर शुरू हुआ था। राम्या हरिदास का कहना है कि प्रदीप उनके पर्सनल असिस्टेंट हैं। वहीं, पार्टी नेता साजद का दावा है कि विधायक के पीए कोई और व्यक्ति हैं, जिसका नाम विमल है।

इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button