- तीन इटेलियन यात्री बिना इमिग्रेशन जांच के अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में सवार हुए
- 4 सितंबर को अमृतसर से दिल्ली पहुंचे थे तीनों यात्री
- नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया
नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन इटेलियन यात्रियों के बिना इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी किए अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में सवार होने के मामले में केंद्र सरकार ने एअर इंडिया के CEO तेवोल्डे गेब्रेमारियम से जवाब तलब किया है। मामला 4 सितंबर का है, जब तीनों यात्री अमृतसर से दिल्ली पहुंचे और इसके बाद दिल्ली से म्यूनिख जाने वाली लुफ्थांसा की फ्लाइट में सवार हो गए।
इमिग्रेशन चेकपॉइंट तक नहीं पहुंचे यात्री
तय प्रक्रिया के अनुसार अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने से पहले यात्रियों को इमिग्रेशन जांच पूरी करनी होती है। हालांकि, तीनों यात्री इमिग्रेशन चेकपॉइंट तक गए ही नहीं और बिना जरूरी जांच के अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में सवार हो गए।
इस मामले में एअर इंडिया की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मंत्रालय ने एअर इंडिया से मांगा स्पष्टीकरण
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस घटना को सुरक्षा और इमिग्रेशन से जुड़ी गंभीर चूक माना है। मंत्रालय की ओर से एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा गया है कि तीनों विदेशी नागरिक बिना जरूरी इमिग्रेशन क्लियरेंस के एयरपोर्ट से कैसे रवाना हो गए।
एयरलाइन से घटना की पूरी परिस्थितियों और इसमें जिम्मेदारी तय करने को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जवाब के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
अब एअर इंडिया को मंत्रालय के नोटिस का जवाब देना होगा। जवाब मिलने के बाद मंत्रालय पूरे मामले की समीक्षा करेगा। इसके आधार पर जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है।









