ग्रेटर नोएडा में सलवार-सूट पहनकर फ्लैट में घुसा चोर, 2 लाख रुपए कैश चोरी

महागुन मीडोज सोसाइटी में 13 मिनट के अंदर वारदात; लाल दुपट्टे से चेहरा ढककर लॉकर तोड़ा, CCTV में कैद हुई घटना

गौतम बुद्ध नगर। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित महागुन मीडोज सोसाइटी में चोरी का मामला सामने आया है। शनिवार शाम एक फ्लैट में घुसकर चोर ने लॉकर तोड़ा और उसमें रखे 2 लाख रुपए कैश लेकर फरार हो गया। चोर ने सलवार-सूट पहन रखा था और लाल दुपट्टे से अपना चेहरा ढका हुआ था। पूरी वारदात सोसाइटी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

13 मिनट में वारदात को दिया अंजाम

CCTV फुटेज के मुताबिक, संदिग्ध शाम करीब 7:40 बजे फ्लैट में दाखिल हुआ। इसके बाद उसने लॉकर तोड़ा और अलमारी में रखे 2 लाख रुपए निकाल लिए।

करीब 13 मिनट बाद रात 7:53 बजे संदिग्ध फ्लैट से बाहर निकल गया। जांच के दौरान किचन में एक शीशा भी टूटा हुआ मिला।

पति-पत्नी बहन के घर गए थे

पीड़ित अभिषेक शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी सेजल गोयल के साथ महागुन मीडोज सोसाइटी के टावर-बी में रहते हैं। शनिवार शाम दोनों अपनी बहन के घर गए थे।

इसी दौरान उनकी घरेलू सहायिका ने उनकी पत्नी के मोबाइल पर फोन कर घर पर होने के बारे में जानकारी ली थी। देर रात करीब 12 बजे जब दंपती वापस फ्लैट पर पहुंचे तो लॉकर टूटा मिला और उसमें रखे 2 लाख रुपए गायब थे।

इसके बाद उन्होंने सोसाइटी का CCTV फुटेज देखा, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई।

घरेलू सहायिका और इलेक्ट्रीशियन पर शक

अभिषेक शर्मा ने अपनी घरेलू सहायिका और इलेक्ट्रीशियन पर चोरी में शामिल होने का संदेह जताया है। उन्होंने मामले की शिकायत नॉलेज पार्क कोतवाली में की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button