नई दिल्ली। नया मोबाइल सिम लेने के लिए अब डिजिटल KYC या e-KYC प्रक्रिया का इस्तेमाल किया जाता है। टेलीकॉम विभाग के नियमों के मुताबिक, एक व्यक्ति अपने नाम पर अधिकतम 9 मोबाइल कनेक्शन रख सकता है। ऐसे में समय-समय पर यह जांच करना जरूरी है कि आपकी पहचान पर कितने मोबाइल नंबर एक्टिव हैं।
अगर आपकी जानकारी या पहचान का गलत इस्तेमाल करके किसी दूसरे व्यक्ति ने सिम कार्ड जारी करा लिया है, तो उसका इस्तेमाल फर्जी कॉल, SMS, सोशल मीडिया अकाउंट या आर्थिक धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों में किया जा सकता है।
आधार डिटेल्स के गलत इस्तेमाल से बढ़ सकता है खतरा
मोबाइल कनेक्शन जारी करने के लिए आधार को पहचान और पते के दस्तावेज के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। e-KYC से सिम जारी करने की प्रक्रिया आसान हुई है, लेकिन पहचान संबंधी जानकारी गलत हाथों में जाने पर इसका दुरुपयोग भी हो सकता है।
किसी व्यक्ति की जानकारी के बिना उसके नाम पर जारी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल होने पर संबंधित व्यक्ति को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए अपने नाम पर चल रहे सभी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी रखना जरूरी है।
Sanchar Saathi पोर्टल पर मिलेगी पूरी जानकारी
सरकार ने मोबाइल कनेक्शन से जुड़े ऐसे मामलों की जांच और शिकायत के लिए Sanchar Saathi पोर्टल पर TAFCOP (Telecom Analytics for Fraud Management & Consumer Protection) सुविधा उपलब्ध कराई है।
इसके जरिए उपभोक्ता अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की सूची देख सकते हैं। अगर सूची में कोई ऐसा नंबर दिखाई देता है जिसे आपने जारी नहीं कराया है या जिसका इस्तेमाल आप नहीं कर रहे हैं, तो उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा सकती है।
अनजान नंबर दिखे तो तुरंत करें रिपोर्ट
अपने नाम पर एक्टिव मोबाइल कनेक्शनों की सूची समय-समय पर चेक करना डिजिटल सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है। किसी अनजान कनेक्शन की जानकारी मिलने पर उसे रिपोर्ट करने से उसके दुरुपयोग की आशंका को कम करने में मदद मिल सकती है।









