नई दिल्ली। इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 5,097 रुपये घटकर 1.40 लाख रुपये पर आ गया है। इससे पहले पिछले सप्ताह 20 जून को सोने का दाम 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था।
वहीं चांदी की कीमत में भी तेज गिरावट देखने को मिली है। चांदी का भाव 2.32 लाख रुपये प्रति किलो से घटकर 2.17 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया है, यानी इसमें 15,432 रुपये की कमी दर्ज की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, इस साल कीमती धातुओं में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। 31 दिसंबर 2025 को सोने का भाव 1.33 लाख रुपये था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद से अब तक सोना लगभग 36 हजार रुपये सस्ता हो चुका है।
चांदी की कीमतों में भी इसी तरह की गिरावट देखने को मिली है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी 2.30 लाख रुपये प्रति किलो थी, जो 29 जनवरी को बढ़कर 3.86 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। उस स्तर के बाद से अब तक 149 दिनों में चांदी करीब 1.69 लाख रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव और निवेशकों की बदलती मांग के कारण कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार अस्थिरता बनी हुई है।









