36 हजार फीट की ऊंचाई पर इंजन-1 में तेजी से घटा फ्यूल

एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट कोच्चि लौटी-तेल का दबाव रेड जोन में पहुंचने पर पायलटों ने इंजन बंद किया, सुरक्षित लैंडिंग

कोच्चि। अबू धाबी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के कारण कोच्चि लौटना पड़ा। विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी इंजन-1 में फ्यूल की मात्रा तेजी से कम होने लगी। कुछ देर बाद इंजन के तेल का दबाव खतरे के स्तर यानी रेड जोन में पहुंच गया। इसके बाद पायलटों ने इंजन-1 को बंद कर दिया और विमान को वापस कोच्चि लाने का फैसला लिया।

यह घटना 7 सितंबर की बताई जा रही है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। फिलहाल एयर इंडिया एक्सप्रेस और डीजीसीए की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

उड़ान के करीब 50 मिनट बाद सामने आई समस्या

ANI के सूत्रों के मुताबिक, विमान के उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद पायलटों ने इंजन-1 में ऑयल की मात्रा तेजी से घटती देखी। स्थिति का आकलन करने के लिए क्रू ने FORDEC असेसमेंट किया।

तकनीकी स्थिति को देखते हुए उड़ान को आगे जारी रखने के बजाय विमान को कोच्चि वापस लाने का निर्णय लिया गया। कमांडर ने हाई फ्रिक्वेंसी के जरिए मुंबई रेडियो से संपर्क किया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान के कोच्चि लौटने की जानकारी दी।

एक इंजन पर ओवरवेट विमान की लैंडिंग चुनौतीपूर्ण

सूत्रों के अनुसार, एक इंजन बंद होने की स्थिति में बोइंग 737 जैसे विमान को ओवरवेट स्थिति में उतारना चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन माना जाता है। इसके बावजूद पायलटों ने विमान को सुरक्षित तरीके से कोच्चि एयरपोर्ट पर उतारा।

लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान में आई तकनीकी समस्या के बारे में जानकारी दी गई। फ्लाइट में उस समय कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button