अंबेडकरनगर। आलापुर के पंडित रामशब्द स्मृति महाविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक एवं मेधावी सम्मान समारोह में 363 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को मेडल, मोमेंटो और प्रशस्तिपत्र प्रदान किए गए। वहीं 13 मेधावियों को लगातार दो वर्षों तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए चार शिक्षकों और शिक्षाविदों को ‘आचार्य नरेंद्रदेव शिक्षक सम्मान, उत्तर प्रदेश’ से सम्मानित किया गया।
एकेडमिक रिसर्च सोसाइटी, उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित समारोह में आजमगढ़ के अपर मुख्य न्यायमूर्ति बालाकृष्णन एन. रंजन मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के साथ सामाजिक परिवर्तन और नैतिक मूल्यों के संवाहक हैं। उनके व्यक्तित्व और कार्यों से विद्यार्थी ही नहीं, समाज भी प्रेरणा लेता है।
समारोह में प्रयागराज के शिक्षाविद डॉ. संतोष कुमार शुक्ल, प्रधानाचार्य दुर्ग विजय सिंह, प्रधानाचार्य अमित कुमार मिश्र, उद्घोषिका एवं शिक्षिका डॉ. प्रियंका तिवारी और निर्धन व बेसहारा बच्चों को लंबे समय से निशुल्क शिक्षा देने वाले तथा रक्तदाता नीलेश यादव को ‘आचार्य नरेंद्रदेव सम्मान’ प्रदान किया गया।
शिक्षा के साथ प्रतिभाओं को प्रोत्साहन
सोसाइटी की ओर से शोध, साहित्य, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में प्रतिवर्ष प्रदेश के पांच उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘आचार्य नरेंद्रदेव शिक्षक सम्मान’ दिया जाता है। बोर्ड और विश्वविद्यालय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष समारोह में 13 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन सोसाइटी के जिलाध्यक्ष डॉ. उदयराज मिश्र और महामंत्री मनीष मिश्र के संयोजन में हुआ। सोसाइटी के निदेशक डॉ. पवन तिवारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राम तिवारी और युवान मंच उत्तर प्रदेश के महामंत्री चंद्र कार्तिकेय का पर्यवेक्षण रहा।









