लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में बुधवार को मंदिर की स्थिति को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता फावड़ा लेकर कैंपस पहुंचे और जय श्रीराम के नारे लगाते हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में मंदिरों की स्थिति सुधारने की मांग उठाई।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंदिर की बदहाली को लेकर पहले विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के बाद वे खुद सफाई और मरम्मत के लिए पहुंचे।
शिवालय की सफाई कर की पूजा-अर्चना
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कैंपस में मौजूद शिवालय की सफाई की और पूजा-अर्चना की। उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद कुछ मजारों की स्थिति बेहतर है, जबकि मंदिरों की देखरेख पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
इसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने कैंपस में मौजूद मजारों को हटाने की मांग भी उठाई। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मंदिरों की स्थिति सुधारने और परिसर में धार्मिक स्थलों को लेकर समान व्यवस्था अपनाने की मांग की।
चीफ प्रॉक्टर से हुई नोकझोंक
मंदिर की सफाई और प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की चीफ प्रॉक्टर से नोकझोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कुलपति का पुतला फूंकने की बात भी कही है। इससे विश्वविद्यालय परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही।
परीक्षा में बुर्के को लेकर भी उठाई मांग
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षा में बुर्का पहनकर आने वाली छात्राओं की पहचान जांच को लेकर भी सख्ती की मांग की। उनका कहना है कि परीक्षा के दौरान सभी परीक्षार्थियों की पहचान की उचित जांच होनी चाहिए।
वहीं प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों का कहना है कि कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना कर ली है। अब उन्हें विश्वविद्यालय परिसर का माहौल खराब नहीं करना चाहिए।









