- ढेंढेमऊ गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने दो युवकों ने घेरकर किया हमला
- सिर को छूकर निकली गोली, हाथ में भी लगी; हालत गंभीर
- मलिहाबाद सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर रेफर, हमलावरों की तलाश में पुलिस
मलिहाबाद। लखनऊ के मलिहाबाद में शनिवार को एक LIC एजेंट पर दो युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना ढेंढेमऊ गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने एक मोबाइल की दुकान के बाहर हुई। फायरिंग में LIC एजेंट समेंद्र यादव (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। एक गोली उनके सिर को छूकर निकल गई, जबकि दूसरी गोली हाथ में लगी।
मोबाइल की दुकान पर गया था एजेंट
समेंद्र यादव सैफलपुर गांव के रहने वाले हैं। वह घर से करीब 10 किलोमीटर दूर ढेंढेमऊ स्थित मोबाइल की दुकान पर गए थे। बताया जा रहा है कि दुकान के बाहर पहले से घात लगाए खड़े दो युवकों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद दोनों ने समेंद्र पर फायरिंग शुरू कर दी। हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सड़क किनारे घायल पड़े मिले
फायरिंग की जानकारी मिलने पर समेंद्र के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सड़क किनारे घायल पड़े समेंद्र को परिजन मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद इलाके में दहशत
सरेराह हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही मलिहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों से शिकायत लेकर होगी कार्रवाई
एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि युवक को गोली लगी है और परिवार के लोग उसके साथ हैं। पुलिस परिजनों से बातचीत कर रही है और उनकी शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गोली लगने से घायल व्यक्ति शादीशुदा है। फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।









