गोमती का जलस्तर बढ़ा, बैराज के सभी 10 गेट खुले

फैजुल्लागंज के निचले इलाकों तक पहुंचा पानी, बारिश जारी रही तो बीकेटी-इटौंजा में बढ़ सकती है परेशानी

  • गोमती बैराज के सभी 10 गेट खोले गए
  • 106.08 मीटर पहुंचा हनुमान सेतु पर जलस्तर
  • गऊघाट पर सामान्य से करीब 1.9 मीटर ऊपर पानी
  • फैजुल्लागंज के निचले इलाकों तक पहुंचा पानी

लखनऊ। लगातार बारिश के बाद गोमती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पानी की निकासी के लिए गोमती बैराज के सभी 10 गेट खोल दिए गए हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज समेत निचले इलाकों में पानी पहुंचने लगा है। सिंचाई विभाग के अनुसार, पिछले करीब 36 घंटों में गोमती के जलस्तर में 1.2 मीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फिलहाल नदी चेतावनी स्तर से नीचे है, लेकिन पीछे से लगातार पानी आने के कारण अगले कुछ दिनों तक जलस्तर बने रहने की आशंका है।

बैराज के सभी गेट खोले गए

पानी की निकासी के लिए गोमती बैराज के सभी 10 गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं। हनुमान सेतु बैराज के गेज पर जलस्तर 106.08 मीटर दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार यहां चेतावनी स्तर 108.5 मीटर है। वहीं गऊघाट पर सामान्य जलस्तर 105.6 मीटर के आसपास माना जाता है, जबकि शनिवार को यह करीब 107.5 मीटर तक पहुंच गया था।

फैजुल्लागंज के निचले इलाकों में पहुंचा पानी

गोमती का पानी बढ़ने से फैजुल्लागंज के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों के आसपास तक पानी पहुंच गया है। इससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। गोमती के बढ़ते जलस्तर का असर पहले भी नदी किनारे के इलाकों की आवाजाही पर पड़ा है। मेहंदी घाट का पीपा पुल भी तेज बहाव के कारण प्रभावित हुआ था।

बीकेटी और इटौंजा पर भी नजर

अधिकारियों के मुताबिक बारिश जारी रहने पर बीकेटी, इटौंजा और आसपास के निचले इलाकों में पानी बढ़ सकता है। इकाना स्टेडियम के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में भी जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सिंचाई विभाग का कहना है कि फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन लगातार बारिश होने पर हालात बदल सकते हैं।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/yogi-adityanath-sir-controversy-opposition/

पीछे से आ रहा पानी बढ़ा रहा दबाव

अधिकारियों के अनुसार लखनऊ के नालों का पानी गोमती में गिरने के साथ ही ऊपरी क्षेत्रों से भी पानी आ रहा है। इससे नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश वैश्य के मुताबिक बारिश थमने के बाद भी पीछे से आने वाले पानी के कारण अगले कुछ दिनों तक जलस्तर में ज्यादा कमी आने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button