अंबेडकरनगर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने जुटे कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने किया।
जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्र की भाजपा सरकार के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाने, वोटों में हेराफेरी और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के जरिए भाजपा को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से नागरिकों को मतदान और अभिव्यक्ति का अधिकार दिया। कांग्रेस का आरोप है कि इन संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/bariyawan-house-shop-demolition/









