- 5 से 7 नवंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया
- केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति और सब्सिडी में हो सकती है परेशानी
अंबेडकरनगर। एलपीजी कनेक्शन की केवाईसी पूरी कराने के लिए जिले में तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पांच से सात नवंबर तक सभी 44 गैस एजेंसियों पर शिविर लगाकर छूटे हुए उपभोक्ताओं की केवाईसी कराई जाएगी। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर पहुंचकर इसे पूरा करा सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शिविर जिले की तीनों तेल कंपनियों की एजेंसियों पर आयोजित होंगे। इनमें इंडियन ऑयल की 14, भारत पेट्रोलियम की 18 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 12 एजेंसियां शामिल हैं। इस तरह जिले की सभी 44 एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को केवाईसी कराने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति और सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए केवाईसी पूरी कराना जरूरी है। जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी अभी लंबित है, वे पांच, छह या सात नवंबर को अपनी गैस एजेंसी पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करा लें। अभियान का उद्देश्य ऐसे उपभोक्ताओं को सुविधा देना है, जो अब तक किसी कारण से अपनी केवाईसी नहीं करा सके हैं।









