अंबेडकरनगर। आराधना मिश्रा मोना को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने पर जिले के कांग्रेस नेताओं ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस की ओर से दो अक्तूबर को जारी संगठनात्मक नियुक्ति में आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश अध्यक्ष और इमरान मसूद को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया महासचिव संजय तिवारी ने कहा कि मोना के नेतृत्व में और राहुल गांधी व प्रमोद तिवारी की रहनुमाई में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा मोना ने विधानसभा से लेकर सड़क तक जनता के मुद्दे उठाए हैं। संजय तिवारी ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
नई टीम को लेकर कार्यकर्ताओं में प्रतिक्रिया
कांग्रेस के पूर्व महासचिव शिव शंकर पांडेय ने कहा कि आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने इमरान मसूद को कार्यवाहक अध्यक्ष तथा देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए जाने पर भी बधाई दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन में किए गए बदलाव से जिले के कार्यकर्ताओं में नई जिम्मेदारियों को लेकर सक्रियता बढ़ी है।
सामाजिक मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने रखी बात
कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. जियाराम वर्मा, एआईसीसी सदस्य सैय्यद मेराजुद्दीन किछौछवी, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह कप्तान, कृष्ण कुमार पांडेय कक्कू और अमित जायसवाल ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/jalalpur-bsp-candidate-dayaram-rajbhar/
नेताओं ने कहा कि नई जिम्मेदारियों के जरिए कांग्रेस प्रदेश में विभिन्न सामाजिक वर्गों तक अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों और विकास को लेकर अपनी भूमिका आगे बढ़ाएगी।









