- मरीजों को समय पर बेहतर इलाज देने के निर्देश, अस्पताल की व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
अंबेडकरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. प्रमोद कुमार ने मंगलवार को जलालपुर क्षेत्र स्थित नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत ओपीडी से हुई। सीएमओ ने मरीजों के पंजीकरण, उपचार व्यवस्था और चिकित्सकीय सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
दवा वितरण और रिकॉर्ड की भी हुई जांच
इसके बाद सीएमओ ने दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध दवाओं, वितरण व्यवस्था और संबंधित अभिलेखों की जांच की। साथ ही अस्पताल कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण कक्षों का भी निरीक्षण कर रिकॉर्ड संधारण, साफ-सफाई और कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सीएमओ ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कर्मचारियों से इसी तरह सेवाएं बनाए रखने को कहा।
मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर दिया जोर
डॉ. प्रमोद कुमार ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए, ताकि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने कर्मचारियों से अपने दायित्वों का जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने की भी अपील की।









