अंबेडकरनगर। अकबरपुर में गुरुवार रात एक दुकान पर हुए विवाद के बाद युवक को पेड़ से बांधने का मामला सामने आया है। विद्युत कार्यालय के सामने स्थित मटन-चिकन की दुकान में घुसे युवक पर चापड़ उठाने और बाद में दुकानदार पर ईंट से हमला करने का आरोप है। विवाद के बाद आसपास जुटे लोगों ने युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को मुक्त कराया और पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई।
दुकान में घुसकर चापड़ उठाने का आरोप
घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में लकी मटन-चिकन की दुकान की है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब आठ बजे आसिफ नाम का युवक दुकान के अंदर घुस गया। आरोप है कि उसने वहां रखा चापड़ उठा लिया। दुकानदार शेर अली ने इसका विरोध किया और युवक को धक्का देकर दुकान से बाहर कर दिया।
दुकानदार पर ईंट से हमला, मौके पर जुटे लोग
आरोप है कि दुकान से बाहर निकलने के बाद युवक ने ईंट उठाकर दुकानदार पर हमला कर दिया। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने युवक को पकड़ लिया और पास के एक पेड़ से बांध दिया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।









