अम्बेडकरनगर। पेपर लीक के मुद्दे को लेकर दिल्ली में हुए प्रदर्शन के समर्थन में अम्बेडकरनगर में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से धरना दिया। अम्बेडकर प्रतिमा स्थल पर आयोजित प्रदर्शन रात 10:30 बजे तक चला। इस दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई का विरोध जताया।
सपा जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव की अध्यक्षता में हुए धरने में पूर्व मंत्री राम अचल राजभर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस पीसीसी सदस्य डॉ. विजय शंकर तिवारी, कांग्रेस सोशल मीडिया महासचिव संजय तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दिल्ली की कार्रवाई को लेकर जताया विरोध
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। कांग्रेस और सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पेपर लीक मामले में इस्तीफे की मांग
पूर्व मंत्री राम अचल राजभर ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने भी शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।









