
अंबेडकरनगर। दुर्गा पूजा पर मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर अकबरपुर नगर पालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा ने गायत्री मंदिर के पास तमसा नदी तट स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने भारी मूर्तियों के विसर्जन के लिए हाइड्रा क्रेन, गहरे पानी से बचाव के लिए बैरिकेडिंग और आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों व नावों की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
घाट पर रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त करने को कहा
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई और रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए। भारी मूर्तियों के विसर्जन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधन पहले से तैयार रखे जाएं, ताकि आयोजन के दौरान अव्यवस्था न हो।
कांशीराम आवास में सफाई का लिया जायजा
नगर पालिका अध्यक्ष ने कटारिया याकूबपुर स्थित कांशीराम आवास का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे सफाई कार्यों की स्थिति देखी और निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका की टीम रही मौजूद
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा, जलकल के अवर अभियंता शैलेंद्र सिंह, प्रधान लिपिक अनूप सोनकर, स्वच्छता प्रभारी इसराइल और ओमप्रकाश सुमन सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।









