उर्वरक प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

28 दुकानों की जांच में 10 नमूने लिए गए

अंबेडकरनगर। शासन के निर्देश पर जिले में उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों के खिलाफ बृहस्पतिवार को व्यापक जांच अभियान चलाया गया। कृषि विभाग की टीम ने जिलेभर में 28 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर निरीक्षण किया और 10 उर्वरक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

अभियान के दौरान एसडीएम प्रतीक्षा सिंह, उप कृषि निदेशक (डीडी कृषि) अश्विनी कुमार सिंह और जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी ने कई दुकानों की जांच की। निरीक्षण में वर्मा खाद भंडार और पीसीएफ भीटी प्रतिष्ठान बंद पाए गए।

छह प्रतिष्ठानों पर नोटिस, रिकॉर्ड और दरों की जांच

जांच के दौरान खबुरी स्थित शिवेंद्र इंटरप्राइजेज, रगड़गंज के ठाकुर प्रसाद खाद भंडार और रामपुर कला के पटेल खाद भंडार समेत कुल छह प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

अधिकारियों ने दुकानों के रजिस्टर, स्टॉक और बिक्री रिकॉर्ड की गहन जांच की। कई स्थानों पर दर सूची और दस्तावेजों में खामियां सामने आईं, जिसके बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

ओवररेटिंग और कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी

एसडीएम ने उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण में पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

डीडी कृषि ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि दुकान के बाहर उर्वरक की दर सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। साथ ही सभी रिकॉर्ड और रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button