अम्बेडकरनगर। जनपद में रबी फसलों की बुवाई का पीक समय चल रहा है, लेकिन डीएपी (डाई अमोनियम फॉस्फेट) खाद की भारी किल्लत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सहकारी समितियों और खाद केंद्रों पर समय से खाद उपलब्ध न होने के कारण किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। बुवाई में हो रही देरी से खेतों की नमी तेजी से खत्म हो रही है, जिससे गेहूं, सरसों और आलू जैसी प्रमुख फसलों की पैदावार प्रभावित होने का खतरा मंडराने लगा है।
किसानों का आरोप है कि जिले में खाद के इस गंभीर संकट पर जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं। सरकारी केंद्रों पर डीएपी का स्टॉक न होने का फायदा निजी खाद दुकानदार उठा रहे हैं। आरोप है कि दुकानदार डीएपी के विकल्प के तौर पर एनपीके (NPK) खाद ऊंचे और मनमाने दामों पर बेच रहे हैं। कई जगहों पर खाद के साथ अन्य कृषि उत्पाद जबरन थमाने की भी शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे किसानों की खेती की लागत काफी बढ़ गई है।









