- BLO से लेकर चुनाव आयोग तक पर उठाए सवाल, बोले- गांधीवादी तरीके से करेंगे विरोध, कानून नहीं तोड़ेंगे
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पहले हुए SIR को शून्य कर दिया गया और अब नया SIR शुरू कर दिया गया है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा की इस कथित ‘चार सौ बीसी’ को प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर नहीं चलने देगी।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि आजमगढ़ की एक विधानसभा में विकास यादव नाम के 10 वोट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से एक वोट विकास यादव डालेगा, जबकि बाकी नौ वोट भाजपा डालेगी। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में लाखों फर्जी वोट बने हुए हैं, जो SIR प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में करोड़ों रुपये खर्च हुए और समय भी बर्बाद हुआ, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।
BLO, SDM और DM पर कार्रवाई को लेकर सवाल
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा में दशरथ नाम के व्यक्ति से 100 से अधिक फॉर्म भरवाए गए। वहीं, सुल्तानपुर में नंदलाल निषाद के नाम पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कराकर वोट काटे गए।
सपा प्रमुख ने पूछा कि इन मामलों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO), उपजिलाधिकारी (SDM), जिलाधिकारी (DM) या चुनाव आयोग के अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस रोकेगी तो भी शांतिपूर्ण विरोध करेगी सपा
दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से विपक्ष पर अराजकता फैलाने के आरोपों के संदर्भ में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी गांधीवादी तरीके से आंदोलन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी कानून नहीं तोड़ेगी और पुलिस की ओर से रोके जाने पर भी कानून के दायरे में रहकर विरोध दर्ज कराएगी।
लोहिया को श्रद्धांजलि देकर भाजपा पर साधा निशाना
इससे पहले अखिलेश यादव ने अपने चाचा और सपा नेता शिवपाल सिंह यादव के साथ लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में भाजपा संकट है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आने पर सरकार समाजवादियों की बनेगी।
अखिलेश ने PDA का जिक्र करते हुए कहा कि यह पूरी तरह जागरूक है। उन्होंने कहा कि जो पीड़ित है, वह समाजवादी है और वही PDA है। सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी के लोग मिलकर डॉ. राम मनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव के अधूरे काम को पूरा करेंगे।









