अंबेडकरनगर। बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज, परुइया आश्रम में सोमवार को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसके बाद श्वेत कपोत और गुब्बारे उड़ाकर खेल आयोजन की शुरुआत की गई। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
उद्घाटन मैच में केएनआई सुल्तानपुर की जीत
पहला मुकाबला कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान, सुल्तानपुर और श्री विश्वनाथ महाविद्यालय, कलान के बीच हुआ। इसमें केएनआई सुल्तानपुर ने जीत दर्ज की। बीएनकेबी पीजी कॉलेज ने साकेत पीजी कॉलेज को हराया, जबकि मेजबान बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज ने संत तुलसीदास पीजी कॉलेज को शिकस्त दी। देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने बैजनाथ शिवकला पीजी कॉलेज को पराजित किया।
विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर की टीम ने मेजबान कॉलेज को हराया। देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने दूसरे मुकाबले में पं. रामचरित्र पीजी कॉलेज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने केएनआई सुल्तानपुर को भी पराजित किया।
खेल से अनुशासन और संयम सीखते हैं खिलाड़ी
उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि खेल अनुशासन, संयम और प्रतिबद्धता सिखाते हैं। खिलाड़ियों को निर्णायकों के फैसलों का सम्मान करते हुए खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में जल्द ही सात दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना की जानकारी भी दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय ने अतिथियों, टीम प्रबंधकों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों का स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक एवं क्रीड़ा सचिव डॉ. कुलदीप सिंह ने खिलाड़ियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यप्रकाश पाण्डेय ने किया।









