अम्बेडकरनगर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर क्षेत्र में नमामि गंगे योजना के तहत तमसा (टोंस) नदी की सफाई कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। नदी की पूरी लंबाई में सफाई न होने और रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बने अस्थायी अवरोध को न हटाए जाने से जल प्रवाह बाधित होने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर क्षेत्र में गायत्री मंदिर से शिवाले घाट तक नदी की सफाई कार्य लगभग डेढ़ माह पूर्व कराया गया था। लेकिन नदी के प्रवेश और निकास बिंदु सहित अन्य हिस्सों में सफाई न होने से कार्य अधूरा माना जा रहा है।
रेलवे पुल के नीचे साइफन और मिट्टी बनी बाधा
शिवाले घाट से करीब 100 मीटर आगे रेलवे ओवरब्रिज के नीचे दूसरी रेलवे लाइन निर्माण के दौरान अस्थायी आवागमन के लिए साइफन पाइप डालकर मिट्टी का मार्ग बनाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी यह अवरोध अभी तक हटाया नहीं गया है।
इससे वर्षा ऋतु में नदी के जल प्रवाह पर असर पड़ने और जलभराव की स्थिति बनने की आशंका व्यक्त की जा रही है। बाढ़ जैसी स्थिति का खतरा भी स्थानीय स्तर पर चर्चा में है।









