पटना। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र गांधी मैदान से लोकभवन मार्च के लिए निकले। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी।
पुलिस ने छात्रों को हिरासत में लिया
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लिया। उन्हें ले जाने के लिए लाई गई वैन की चाबी एक छात्र लेकर भाग गया। इसके बाद पुलिस को दूसरी बस बुलानी पड़ी। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं को पुलिस द्वारा खींचकर ले जाने की बात भी सामने आई है।
छात्रों ने डाकबंगला चौराहे पर लगाई गई बैरिकेडिंग भी हटा दी। प्रदर्शन के कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पोस्टरों के जरिए जताया विरोध
प्रदर्शनकारी छात्र अपने साथ कई तरह के पोस्टर लेकर पहुंचे थे। पोस्टरों पर SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारे लिखे थे। एक पोस्टर पर लिखा था, ‘टियर गैस की व्यवस्था नहीं है?’ दूसरे पर भोजपुरी में लिखा था, ‘तोहर कुर्सी उड़ा देब प्रोटेस्ट से।’ वहीं, एक अन्य पोस्टर पर नारा था, ‘समोसा जाएगा तेल में, ज्ञानू को भेजो जेल में।’
छात्रों की प्रमुख मांगों में SIR प्रक्रिया को लेकर विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा शामिल है।









