देशभर में मानसून का असर तेज

गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और अब यह सभी राज्यों तक पहुंच गया है। कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश के चलते जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आई हैं।

गुजरात में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। मेंडरडा क्षेत्र के समधियाला गांव के पास बाढ़ के पानी में चार वाहन फंस गए, जिनमें सवार 19 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

महाराष्ट्र के भिवंडी में तेज बारिश के कारण बाजार क्षेत्र में करीब तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव की वजह से कई दुकानों को बंद करना पड़ा, जबकि लोग कमर तक पानी में उतरकर सड़क पार करते नजर आए।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। सवाई मानसिंह अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर में पानी भर जाने से मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा।

मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर समेत 26 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। उज्जैन में पुलिया पार करने के दौरान एक युवक मोटरसाइकिल समेत तेज बहाव में बह गया।

उत्तर प्रदेश के करीब 20 जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में जलभराव होने से कई कारें और बाइक आधी पानी में डूब गईं। वहीं जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन के कारण रामनगर-उधमपुर मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button