तिरुवनंतपुरम। केरल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर मोहनन कन्नुम्मल ने शनिवार को वंदे मातरम को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग वंदे मातरम का विरोध करते हैं, वे यह नहीं जानते कि उनकी मां कौन हैं।
तिरुवनंतपुरम के मणिविला में आरएसएस के युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कन्नुम्मल ने कहा कि देश को ‘मदर इंडिया’ कहा जाता है और इसी विचार से वंदे मातरम का संबंध है।
छात्र संगठनों ने लगाए आरोप
VC के बयान के बाद छात्र संगठनों SFI और KSU ने उन पर निशाना साधा। दोनों संगठनों ने आरोप लगाया कि कन्नुम्मल यूनिवर्सिटी में आरएसएस का एजेंडा आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस बयान के बाद केरल में विश्वविद्यालयों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहा राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।
VC की नियुक्ति पर भी उठे सवाल
कन्नुम्मल की वाइस चांसलर पद पर नियुक्ति को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। केरल के राज्यपाल की ओर से उनकी नियुक्ति को लेकर LDF और UDF ने सवाल उठाए हैं।
दोनों राजनीतिक गठबंधनों ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को कथित तौर पर ‘भगवा रंग’ देने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया है।









