निर्णायक सेट में बाजी मार देव इंद्रावती कॉलेज बना वॉलीबॉल चैंपियन

फाइनल में विश्वविद्यालय आवासीय परिसर को 2-1 से हराया, 25-22, 20-25 और 15-12 से तय हुआ मुकाबला

अंबेडकरनगर। परुइया आश्रम स्थित बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने जीत लिया। फाइनल में टीम ने डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराया। विजेता टीम को स्वर्ण पदक और ट्रॉफी दी गई, जबकि विश्वविद्यालय परिसर की टीम उपविजेता रही।

विश्वविद्यालय के प्रायोजन में आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। क्षेत्राधिकारी जलालपुर अजय कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर सेमीफाइनल मुकाबलों का शुभारंभ किया।

सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचीं टीमें

पहले सेमीफाइनल में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने बीएनकेबी पीजी कॉलेज को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में विश्वविद्यालय आवासीय परिसर की टीम ने केएनआई सुल्तानपुर को पराजित किया।

तीन सेट में निकला विजेता

फाइनल में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज के कप्तान भानु प्रकाश और विश्वविद्यालय आवासीय परिसर के कप्तान धीरज यादव की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। देव इंद्रावती ने पहला सेट 25-22 से जीता। दूसरे सेट में विश्वविद्यालय परिसर ने 25-20 से मुकाबला बराबर कर दिया। निर्णायक सेट में देव इंद्रावती ने 15-12 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

विजेता और उपविजेता टीम को किया सम्मानित

समापन समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा उत्तर प्रदेश संकुल के सहसंयोजक डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी अजय कुमार सिंह, महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक महंत देवेंद्र दास और प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय ने विजेता-उपविजेता टीमों तथा निर्णायक मंडल को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button