अंबेडकरनगर। भाजपा महिला मोर्चा के जिला संगठन में शिल्पी सिंह और शीला निषाद को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। आलापुर क्षेत्र की शिल्पी सिंह को इस पद पर दोबारा मनोनीत किया गया है, जबकि पूर्व मंडल अध्यक्ष शीला निषाद को पहली बार जिला स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आलापुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के बसहिया गंगासागर गांव निवासी शिल्पी सिंह वरिष्ठ भाजपा नेता वरुण सिंह की पत्नी हैं। वह लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं। जिला पंचायत की रामनगर मध्य सीट से भाजपा की अधिकृत और समर्थित प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ चुकी हैं। वहीं, शीला निषाद मंडल अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
पुनर्मनोनयन पर शिल्पी सिंह ने पार्टी के शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व, जिला संगठन तथा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगी। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
दोनों के मनोनयन पर पूर्व विधायक अनीता कमल और त्रिवेणी राम, भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, अवध क्षेत्र की शोध प्रमुख डॉ. पूनम राय, पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कांत सिंह और सुमन पाण्डेय, जिला मंत्री अंजू पाण्डेय और अभिषेक निषाद समेत पार्टी के कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।









