लखनऊ। राजधानी में दुर्गा पूजा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में भव्य पंडाल सजाए गए हैं। इनमें जानकीपुरम के सेक्टर-ई स्थित दुर्गा पार्क में तैयार किया गया पंडाल खास आकर्षण का केंद्र है। आयोजकों के मुताबिक, राम मंदिर की थीम पर बने इस पंडाल की ऊंचाई, गहराई और चौड़ाई 110-110 फीट है। यहां मां दुर्गा की 18 फीट ऊंची इको-फ्रेंडली प्रतिमा स्थापित की गई है।
तीन महीने में तैयार हुआ भव्य पंडाल
आयोजकों के अनुसार, पंडाल के निर्माण के लिए 17 जुलाई को भूमि पूजन किया गया था। इसके बाद निर्माण कार्य लगातार चलता रहा। पंडाल को तैयार करने के लिए पश्चिम बंगाल से विशेष कारीगर बुलाए गए थे। कुल 54 कारीगरों ने दिन-रात मेहनत कर करीब तीन महीने में इसे तैयार किया।
दो लाख वर्ग फीट में फैला है दुर्गा पार्क
जानकीपुरम के सेक्टर-ई स्थित दुर्गा पार्क करीब दो लाख वर्ग फीट क्षेत्र में फैला है। इसी परिसर में राम मंदिर की थीम पर पंडाल बनाया गया है। इसकी भव्य संरचना और मां दुर्गा की प्रतिमा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है।









