डॉक्टर के बंद घर से लाखों की चोरी

  • गोमतीनगर के विराम खंड की घटना
  • 40-50 लाख के जेवर और नकदी चोरी
  • बैंक दस्तावेज व लॉकर की चाबी भी ले गए
  • परिवार नासिक दर्शन के लिए गया था

लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर थाना क्षेत्र स्थित विराम खंड में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर, नकदी और महत्वपूर्ण बैंक दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित नासिक में त्र्यंबकेश्वर महादेव के दर्शन के लिए गए हुए थे।

पीड़ित डॉ. निशांत जायसवाल ने बताया कि वह कासगंज-एटा में मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। 12 जुलाई को वह पत्नी और बेटे के साथ नासिक गए थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई।

चोरों ने घर की अलमारी और बेड बॉक्स खंगाल दिए। घर से सोने की चार चूड़ियां, 10 जोड़ी बालियां, सात अंगूठियां, तीन चेन, छह जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का लोटा, लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्ति, चांदी की अंगूठी और करीब 50 हजार रुपये नकद समेत लगभग 40 से 50 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया।

पीड़ित के अनुसार, बैंक की पासबुक, चेकबुक, अन्य महत्वपूर्ण बैंक दस्तावेज और बैंक लॉकर की चाबी भी गायब है। उन्होंने गोमतीनगर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button