लखनऊ में टावर पर चढ़ा युवक

बोला- मारपीट के बाद मुझ पर ही मुकदमा; न्याय नहीं मिला तो मौत ही रास्ता

लखनऊ। हजरतगंज क्षेत्र स्थित दारुलशफा के बाहर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 30 वर्षीय युवक एक टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची हजरतगंज पुलिस ने काफी देर तक उसे समझाने और नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन वह टावर से उतरने को तैयार नहीं हुआ।

इसके बाद फायर फाइटर्स हाइड्रोलिक मशीन की मदद से युवक तक पहुंचे। काफी देर तक बातचीत के बाद उसे कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया, जिसके बाद वह टावर से निकलकर हाइड्रोलिक मशीन पर आ गया। नीचे आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से करीब दो लीटर पेट्रोल बरामद हुआ।

‘मुझसे मारपीट की गई, मुझ पर ही मुकदमा करा दिया’

टावर पर चढ़े युवक ने अपनी पहचान अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र निवासी अंकुर सिंह के रूप में बताई। उसने पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसके खिलाफ ही मुकदमे दर्ज करा दिए गए।

अंकुर का कहना था कि उसे कहीं से न्याय नहीं मिल रहा है। इसी वजह से वह टावर पर चढ़ गया। उसने कहा कि अब उसके सामने मौत के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।

28 मई को मारपीट का लगाया आरोप

अंकुर ने आरोप लगाया कि 28 मई को उसके साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। उसका दावा है कि उसने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।

युवक ने आरोप लगाया कि उससे 5 हजार रुपये लेकर उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। उसने मोबाइल फोन में अपनी शिकायत से संबंधित पत्र भी पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों को दिखाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button