अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के ऑपरेशन थिएटर में विश्व एनेस्थीसिया दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनेस्थीसिया विभाग के चिकित्सकों और ओटी स्टाफ ने केक काटकर दिवस मनाया। इस दौरान सर्जरी से पहले मरीज की तैयारी, ऑपरेशन के दौरान निगरानी और बाद में दर्द नियंत्रण व रिकवरी में एनेस्थीसिया की भूमिका पर चर्चा हुई।
सर्जरी के हर चरण में अहम भूमिका
विश्व एनेस्थीसिया दिवस 2026 की थीम ‘Before, During and Beyond Surgery’ यानी सर्जरी से पहले, उसके दौरान और बाद की देखभाल है। इसका उद्देश्य मरीज के पूरे उपचार के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की भूमिका को रेखांकित करना है।
चिकित्सकों ने बताया कि एनेस्थीसिया केवल ऑपरेशन के दौरान दर्द से राहत देने तक सीमित नहीं है। इसमें मरीज की चिकित्सकीय जांच और तैयारी, सर्जरी के समय शरीर के महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी तथा ऑपरेशन के बाद दर्द नियंत्रित करने और स्वस्थ होने की प्रक्रिया में सहयोग शामिल है।
प्रधानाचार्य ने टीम के काम की सराहना की
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. राणा प्रताप और उनकी टीम को ऑपरेशन में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने मरीजों की देखभाल में विभाग की भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम में डॉ. मिताली गुप्ता, डॉ. सुदीप मौर्य, डॉ. मनीष त्रिपाठी, डॉ. पीके राव, डॉ. प्रियंका, डॉ. शोएब और डॉ. बृजेश कुमार सिंह मौजूद रहे। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक श्रीवास्तव और ओटी टेक्नीशियन अंकुर भी शामिल हुए।









