अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बिड़हर घाट पुल पर मंगलवार सुबह एक किशोर के नदी में कूदने से हड़कंप मच गया। वह कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। पुल पर उसकी बाइक और मोबाइल फोन मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की फ्लड टीम की मदद से नदी में उसकी तलाश कराई, लेकिन देर तक उसका पता नहीं चल सका।
नदी में कूदने वाले किशोर की पहचान कटका थाना क्षेत्र के पिंडोरिया गांव निवासी प्रभात उर्फ मौसम (17) पुत्र प्रदीप गिरी के रूप में हुई है। वह कक्षा 12 का छात्र है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह बाइक से कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। सुबह करीब पौने सात बजे बिड़हर घाट पुल पर पहुंचकर उसने अपनी बाइक और मोबाइल छोड़ दिया और अचानक नदी में छलांग लगा दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस, गोताखोरों ने शुरू की तलाश
घटना के समय मौजूद लोगों ने किशोर के नदी में कूदने की सूचना बिड़हर घाट पुलिस चौकी पर दी। इसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नदी में तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रितेश पांडेय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय गोताखोरों और वहां मौजूद पीएसी की फ्लड टीम के जवानों की मदद से तलाशी अभियान चलवाया।
एसडीआरएफ की टीम भी चलाएगी तलाशी अभियान
थानाध्यक्ष रितेश पांडेय के मुताबिक, किशोर की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रतापगढ़ से एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है। टीम के पहुंचने पर नदी में विशेष तलाशी अभियान चलाया जाएगा।









