अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को अब परिसर में ही चाय-नाश्ता और भोजन मिल सकेगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में मॉडल प्रेरणा कैंटीन शुरू की गई है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की मौजूदगी में बालाजी प्रेरणा कैंटीन की अध्यक्ष सुमन सिंह ने इसका शुभारंभ किया। कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाना है। कैंटीन में चार से पांच महिलाएं मिलकर काम करेंगी। वे अपने कौशल और मेहनत से नियमित आय अर्जित कर सकेंगी। इससे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा।
चाय, नाश्ते से लेकर भोजन तक की सुविधा
मॉडल प्रेरणा कैंटीन में चाय, समोसा, ब्रेड पकौड़ा, पराठा और कॉफी के साथ नाश्ता व भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यहां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार खाद्य सामग्री परोसी जाएगी। इससे कलेक्ट्रेट में सरकारी काम से आने वाले लोगों को परिसर में ही खाने-पीने की सुविधा मिलेगी।
विकास भवन और अस्पताल के बाद कलेक्ट्रेट में शुरुआत
जनपद में इससे पहले विकास भवन, जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में भी प्रेरणा कैंटीन शुरू की जा चुकी हैं। कलेक्ट्रेट में नई कैंटीन खुलने से इस व्यवस्था का विस्तार हुआ है।









