अंबेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस से पहले शुक्रवार को अंबेडकरनगर पुलिस ने तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस दौरान मार्ग पर देशभक्ति के नारे गूंजते रहे।
पुलिस लाइन से शुरू हुई यात्रा, अकबरपुर कोतवाली में हुआ समापन
तिरंगा यात्रा सुबह 9:30 बजे पुलिस लाइन गेट से शुरू हुई। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तिरंगा लेकर आगे बढ़े। यात्रा पुलिस लाइन से निकलकर कोतवाली अकबरपुर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
यात्रा में क्षेत्राधिकारी नगर नीतीश कुमार तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर कोतवाली संतोष कुमार सिंह और यातायात प्रभारी जयबहादुर यादव समेत पुलिस कार्यालय, यातायात पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हुए।
तिरंगा लेकर आगे बढ़े पुलिसकर्मी
यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों के हाथों में तिरंगा नजर आया। पूरे रास्ते भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय हिंद और हर घर तिरंगा के नारे लगाए गए। तिरंगे के साथ पुलिसकर्मियों की यह यात्रा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश की एकता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता की अपील
तिरंगा यात्रा के माध्यम से अंबेडकरनगर पुलिस ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, सम्मान और मर्यादा बनाए रखने का संदेश दिया।









