अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील में जनगणना कार्य को लेकर मंगलवार को हुए विरोध और कार्य बहिष्कार के बाद बुधवार सुबह से काम फिर शुरू हो गया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने मंगलवार देर शाम उपजिलाधिकारी विकास यादव और तहसीलदार रवीश कुमार को कड़ी फटकार लगाई थी। इसके बाद प्रगणकों और फील्ड ट्रेनरों ने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। फिलहाल कार्य सुचारु रूप से चलने की सूचना है।
मंगलवार को जनगणना कार्य में लगे कार्मिकों ने विरोध और नारेबाजी करते हुए कार्य बहिष्कार किया था। इससे तहसील प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठे। कार्मिकों की नाराजगी के बीच अधिकारियों की कार्यशैली भी चर्चा में आई।
तहसीलदार रवीश कुमार की कार्यशैली को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आने की बात कही गई है। बीएलओ की शिकायतों और एक बैठक में कर्मचारियों के साथ कथित अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का मामला भी चर्चा में रहा। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जिलाधिकारी की सख्ती के बाद बुधवार सुबह जनगणना कार्य शुरू होने से प्रशासन को राहत मिली है।









