लखनऊ में STF ने असलहा तस्कर को दबोचा, बैग से मिलीं 3 पिस्टल

विभूतिखंड के वेव मॉल के पास हुई गिरफ्तारी, पूछताछ में मध्य प्रदेश के खंडवा से पिस्टल लाकर बेचने की बात सामने आई

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने रविवार रात विभूतिखंड स्थित वेव मॉल के पास से अवैध असलहा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान प्रतापगढ़ निवासी दुर्गेश पांडेय उर्फ विशु के रूप में हुई है। उसके पास से तीन अवैध पिस्टल, चार कारतूस और पिस्टल की मैगजीन बरामद की गई हैं। STF के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने मध्य प्रदेश के खंडवा से पिस्टल लाकर बेचने की बात बताई है।

मुखबिर की सूचना पर चलाया गया अभियान

STF के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही की टीम अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोहों के बारे में जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान रविवार रात करीब नौ बजे मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार और मध्य प्रदेश से अवैध असलहे लाने वाले गिरोह के कुछ सदस्य वेव मॉल के पास मौजूद हैं।

सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने वेव पुलिस चौकी के पास तलाश शुरू की। सहारा कॉम्प्लेक्स के पीछे SBI बैंक के पास तिराहे पर पीठ पर बैग लटकाए एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। STF टीम को देखकर वह वहां से हटने लगा। शक होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और बैग की तलाशी ली।

बैग से मिलीं तीन सिल्वर रंग की पिस्टल

STF के अनुसार, आरोपी के बैग से 7.65 बोर की तीन सिल्वर रंग की पिस्टल बरामद हुईं। तीनों पिस्टल में मैगजीन लगी थीं। इनमें दो पिस्टल पर काले रंग की ग्रिप, जबकि एक पर भूरे रंग की ग्रिप थी। आरोपी की जेब से 330 रुपये भी मिले। इसके अलावा चार कारतूस बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।

दोस्त के जरिए खंडवा से लाने का दावा

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दोस्त आशीष मिश्रा, निवासी गिस्था बड़गवां, थाना महेशगंज, प्रतापगढ़ के माध्यम से मध्य प्रदेश के खंडवा से पिस्टल लाता था। इसके बाद उन्हें बेचने का काम करता था। बरामद पिस्टल भी उसी के जरिए लाने की बात आरोपी ने बताई।

STF के मुताबिक, रविवार रात आरोपी अपने परिचितों को पिस्टल की डिलीवरी देने के लिए पहुंचा था। फिलहाल टीम गिरोह के अन्य सदस्यों और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button