कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर योगी का सपा पर हमला

बोले- अखिलेश ने श्रद्धांजलि तक नहीं दी- बल्कि जातीय और हिंदू भावनाओं का भी अपमान है

लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की 5वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव ने बाबूजी को श्रद्धांजलि तक नहीं दी। इससे पता चलता है कि वह कल्याण सिंह से कितना द्वेष रखते हैं।

‘यह जातीय अपमान भी था’

सीएम योगी ने कहा कि कल्याण सिंह का अपमान केवल एक व्यक्ति या नेता का अपमान नहीं था, बल्कि यह जातीय अपमान भी था। उन्होंने कहा कि यह हर उस हिंदू का अपमान है, जो मानता है कि बाबूजी का जीवन सनातन मूल्यों के लिए समर्पित था।

सपा के PDA पर भी तंज

योगी आदित्यनाथ ने सपा के PDA को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग समय के साथ गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं, वे अलग-अलग समय पर ‘P’ की अलग-अलग परिभाषा बताते हैं। कभी ‘P’ को पिछड़ा बताते हैं, फिर पंडित से जोड़ते हैं और एक दिन पाकिस्तान से भी जोड़ सकते हैं।

मायावती की तारीफ की

सीएम योगी ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि बाबूजी के निधन के समय उनके लिए वह असहनीय क्षण था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी कार्यक्रम छोड़कर दिल्ली से लखनऊ आए और कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।

योगी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती भी सामान्य शिष्टाचार के तहत आईं और उन्होंने बाबूजी को श्रद्धांजलि दी।

‘आदमी पद से नहीं, कर्मों से बड़ा होता है’

मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह के जीवन को याद करते हुए कहा कि व्यक्ति अपने पद से बड़ा नहीं होता, बल्कि अपनी सोच और कर्मों से बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि अतरौली के एक सामान्य किसान परिवार में जन्मे कल्याण सिंह अपनी कर्मठता, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति हमेशा अडिग रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button