पति-पत्नी की मौत का रहस्य बरकरार, बिसरा जांच से खुलेगा राज

आजनपारा में दंपती की संदिग्ध मौत का कारण पोस्टमार्टम में भी नहीं चला पता, बिसरा सुरक्षित; पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

अंबेडकरनगर। रात में खेत की सिंचाई करने गए विष्णु लाल और उनकी पत्नी द्रौपदी की मौत का रहस्य अब तक नहीं खुल सका है। मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव में सोमवार सुबह दोनों के चोटिल शव खेत के पास मिले थे। पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। इसके चलते चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित कर लिया है। अब बिसरा जांच की रिपोर्ट से मौत की वजह सामने आने की उम्मीद है।

खेत के पास मिले थे दोनों के शव

आजनपारा गांव निवासी विष्णु लाल रविवार रात पत्नी द्रौपदी के साथ खेत की सिंचाई करने गए थे। सोमवार सुबह खेत के पास दोनों के शव मिलने की जानकारी सामने आई तो इलाके में हलचल मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

एक साथ उठी पति-पत्नी की अर्थी

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव घर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में कन्नूपुर गांव के समीप घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ जलालपुर अनूप कुमार सिंह के साथ सर्किल के विभिन्न थानों की पुलिस तैनात रही। घर से अंतिम संस्कार स्थल तक पुलिस बल मौजूद रहा।

इस दौरान कई राजनीतिक दलों के लोग भी पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वजह स्पष्ट करने की मांग की।

बिसरा जांच पर टिकी निगाहें

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित किया है। फिलहाल दंपती की मौत की परिस्थितियां साफ नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button