चुनाव से पहले ईवीएम की पड़ताल शुरू, डीएम ने परखी जांच प्रक्रिया

अंबेडकरनगर में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी का लिया जायजा; सुरक्षा और पारदर्शिता पर जोर

अंबेडकरनगर। विधानसभा चुनाव-2027 से पहले जिले में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया चल रही है। कलेक्ट्रेट स्थित वीवीपैट वेयरहाउस में हो रही जांच का जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने निरीक्षण किया। उन्होंने जांच की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

आयोग के मानकों के मुताबिक हो हर जांच

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। सभी परीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हों। जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने अभिलेखों का सही ढंग से संधारण करने के निर्देश दिए।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी मौका

एफएलसी के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को नियमानुसार जांच देखने का अवसर दिया जा रहा है। इससे प्रक्रिया में निर्धारित पारदर्शिता संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button