अम्बेडकरनगर। मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने और पालकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में एक दिवसीय कार्यशाला और जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मत्स्य पालकों, प्रगतिशील किसानों और पट्टा धारकों को वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन, सरकारी योजनाओं और आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मत्स्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. संजय कुमार निषाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, उप निदेशक मत्स्य मुख्यालय लखनऊ, उप निदेशक मत्स्य अयोध्या मंडल अयोध्या, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य अम्बेडकरनगर और मत्स्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
मत्स्य पालकों को योजनाओं से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने मत्स्य पालकों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र मत्स्य पालकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रबंधन के माध्यम से मत्स्य उत्पादन को बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए पालकों को प्रशिक्षण और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है।
लाभार्थियों को मिले चेक, प्रमाण पत्र और उपकरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और निषाद राज वोट सब्सिडी योजना के लाभार्थियों को डेमो चेक और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना के तहत लाभार्थियों को मोपेड विद आइस बॉक्स वितरित किए गए। मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) भी उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें आर्थिक गतिविधियों में सहायता मिल सके।









