- डीएम को ज्ञापन देकर आचार संहिता के पालन की जांच कराने की मांग
- जिलाध्यक्ष ने शिक्षकों पर दबाव बनाने का लगाया आरोप
अंबेडकरनगर। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सरकारी तंत्र के इस्तेमाल को लेकर समाजवादी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। पार्टी ने महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, सदरपुर टांडा में भाजपा समर्थित प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के प्रस्तावित शिक्षक संवाद कार्यक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। बुधवार को सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन मिलने पर कार्यक्रम स्थगित कराया जाए।
सपा जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव ने आरोप लगाया कि 21 अक्टूबर को प्रस्तावित शिक्षक संवाद में शामिल होने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों और शिक्षक मतदाताओं को कहा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकारी संस्थान या सरकारी तंत्र का इस्तेमाल चुनावी उद्देश्य से किया जा रहा है, तो इसकी जांच जरूरी है।
शिक्षकों पर दबाव बनाने का आरोप
जंगबहादुर यादव ने जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. कौस्तुभ कुमार सिंह पर शासकीय, अर्द्धशासकीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्राचार्यों व प्रबंधकों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए अनुचित दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव में मतदाताओं को स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने का अवसर मिलना चाहिए।
आरोप प्रमाणित होने पर कार्रवाई की मांग
सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से शिक्षक संवाद कार्यक्रम की जांच कराने और आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर इसे स्थगित कराने की मांग की। पार्टी ने आरोप प्रमाणित होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की भी मांग उठाई।









