अंबेडकरनगर। नगर के मध्य स्थित बस स्टॉप और ओवरब्रिज के नीचे सोमवार सुबह भीषण जाम लग गया। स्कूल खुलने के समय यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। जाम के कारण हजारों छात्र-छात्राएं और अभिभावक लंबे समय तक फंसे रहे। मौके पर यातायात पुलिस या अन्य सुरक्षा कर्मी नजर नहीं आए, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ब्रिज के नीचे अवैध वाहनों का अड्डा बनने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओवरब्रिज के नीचे अवैध रूप से वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। इसके अलावा परिवहन विभाग की खाली बसें भी यहीं खड़ी कर दी जाती हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और सुबह-शाम यातायात प्रभावित रहता है।
स्कूलों के समय सबसे ज्यादा बढ़ती है परेशानी
ब्रिज के नीचे और आसपास सेंट पीटर्स, बीएन इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज और सेंट जॉन्स सहित कई शिक्षण संस्थान संचालित हैं। इन विद्यालयों में दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों छात्र प्रतिदिन आते हैं। विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ब्रिज पर भी थमे रहे वाहन
सोमवार सुबह जाम इतना लंबा हो गया कि वाहनों की कतार ओवरब्रिज तक पहुंच गई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ब्रिज पर ही फंसे रहे। इससे स्कूल पहुंचने में देरी हुई और अभिभावकों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ा।









