अंबेडकरनगर। कोतवाली टांडा क्षेत्र के चौक घंटाघर पर बुधवार को मूर्ति विसर्जन ड्यूटी के दौरान परिजनों से बिछड़े तीन वर्षीय मासूम को पुलिस ने सकुशल उसके पिता से मिला दिया। बच्चे के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
मूर्ति विसर्जन ड्यूटी में तैनात उपनिरीक्षक वंदना मौर्या को एक बच्चे के परिजनों से बिछड़ने की सूचना मिली। उन्होंने तत्काल बच्चे को सुरक्षित पिंक बूथ चौक पर पहुंचाया। इसके बाद बच्चे से मिली जानकारी और आवश्यक पूछताछ के आधार पर उसके परिजनों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस के प्रयास से बच्चे की पहचान अनिक यादव पुत्र रामनेवल यादव, निवासी नैपुरा, थाना कोतवाली टांडा के रूप में हुई। पुलिस ने बच्चे के पिता को बुलाकर आवश्यक सत्यापन और पूछताछ की। इसके बाद मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।









