308 दिव्यांग बच्चों को मिले 435 सहायक उपकरण, पढ़ाई की राह होगी आसान

अकबरपुर और जलालपुर में बीएसए ने किया वितरण, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, ब्रेल किट समेत जरूरत के अनुसार दी गई सामग्री

अंबेडकरनगर। दिव्यांग बच्चों को स्कूल आने-जाने और पढ़ाई में सहूलियत देने के लिए शनिवार को अकबरपुर और जलालपुर शिक्षा क्षेत्रों में सहायक उपकरण वितरित किए गए। दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 308 लाभार्थियों के लिए कुल 435 उपकरण दिए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए।

अकबरपुर शिक्षा क्षेत्र के शिवबाबा स्थित कंपोजिट विद्यालय और जलालपुर के ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर कार्यक्रम आयोजित हुए। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अकबरपुर में 185 लाभार्थियों के लिए 258 उपकरण और जलालपुर में 123 लाभार्थियों के लिए 177 उपकरण वितरित किए गए।

जरूरत के अनुसार मिले उपकरण

वितरित सामग्री में ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, सीपी चेयर, वॉकिंग स्टिक, रोलेटर, ब्रेल किट, टीएलएम किट, सुगम्य केन, सर्वाइकल कॉलर और कैलीपर समेत अन्य सहायक उपकरण शामिल रहे। इनकी मदद से बच्चों को आवागमन, पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी।

कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।

इस दौरान एबीएसए हिमांशु मिश्रा, किरण कुमारी, मनोज मिश्रा, अलकमा समेत शिक्षक और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button