एपीएल सीजन-3 की नीलामी में शिवम यादव पर लगी सबसे बड़ी बोली

1.30 लाख रुपये में अयोध्या स्ट्राइकर्स ने खरीदा, राज निषाद 1.05 लाख और अजीत यादव 1.10 लाख रुपये में बिके

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर प्रीमियर लीग (एपीएल) न्यौरी सीजन-3 के लिए सोमवार को खिलाड़ियों की नीलामी हुई। दुल्हूपुर स्थित आनंद मैरिज लॉन में आयोजित नीलामी में 10 टीमों के मालिकों ने हिस्सा लिया। अयोध्या के खिलाड़ी शिवम यादव सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें अयोध्या स्ट्राइकर्स ने 1.30 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया।

शिवम यादव को खरीदने के लिए सभी 10 टीमों के बीच बोली लगाने की होड़ रही। अंत में टीम मालिक सौरभ यादव ने सबसे ऊंची बोली लगाई। वहीं, नोएडा के खिलाड़ी राज निषाद को इन्वेशन पब्लिक स्कूल न्यौरी ने 1.05 लाख रुपये में खरीदा। टीम मालिक एहसान फारूकी ने उनके लिए सबसे अधिक बोली लगाई।

इसी तरह खिलाड़ी अजीत यादव को गोरखपुर नवाब ने 1.10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। टीम मालिक मनीष निषाद ने उनके लिए सबसे ऊंची बोली लगाई।

335 खिलाड़ियों में से 200 की लगी बोली
एपीएल सीजन-3 की नीलामी में कुल 335 खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। इनमें से करीब 200 खिलाड़ियों पर टीम मालिकों ने बोली लगाई। वहीं, 135 खिलाड़ी नीलामी में नहीं बिक सके।

टूर्नामेंट के आयोजक और पूर्व क्रिकेटर फैयाज़ फारूकी ने कहा कि नीलामी में नहीं बिके खिलाड़ियों को निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्हें अपने खेल में सुधार करते हुए मेहनत जारी रखनी चाहिए। बेहतर प्रदर्शन से आगे अवसर मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button