अंबेडकरनगर। जिले में चकबंदी कार्यों की धीमी प्रगति और लंबित वादों को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं उप संचालक चकबंदी रंजीत कुमार ने समीक्षा बैठक में लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चकबंदी के सभी कार्य निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समय से पूरे किए जाएं।
31 गांवों में चल रही चकबंदी, एक में प्रक्रिया पूरी
जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी रंजीत कुमार ने की। बैठक में उपजिलाधिकारी एवं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मधुमिता सिंह सहित चकबंदी अधिकारी और सहायक चकबंदी अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा में बताया गया कि जिले के कुल 31 गांवों में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। इनमें आलापुर तहसील के पीठापुर गांव में चकबंदी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। यहां धारा 52 का प्रकाशन भी कराया जा चुका है।
तीन गांवों में कब्जा परिवर्तन पूरा, अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया जारी
मैनुद्दीनपुर, केवारी पामानंद और आलापुर गांवों में कब्जा परिवर्तन का कार्य पूरा हो चुका है। इन गांवों के अंतिम अभिलेख तैयार कराए जा रहे हैं। वहीं, चकबंदी प्रक्रिया के तहत 10 गांवों में धारा 9 की कार्रवाई पूरी कर पर्चा पांच का वितरण कराया जा चुका है।
लंबित वादों पर जताई नाराजगी, धारा 10 के प्रकाशन की तैयारी
बैठक में लंबित वादों के निस्तारण की स्थिति पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक गांवों में सुनवाई कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित गांवों में धारा 10 के प्रकाशन की कार्रवाई आगे बढ़ाने को कहा।









