किराए के कमरे में छापे जा रहे थे नकली नोट, 37 लाख की खेप बरामद

नागपुर में मकान मालिक ने ताला तोड़ा तो मिले 500 रुपये के नोटों के बंडल और प्रिंटर, आरोपी फरार

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में किराए के कमरे से नकली नोट छापने का मामला सामने आया है। मकान मालिक ने कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर 500-500 रुपये के नोटों के बंडल, प्रिंटर और छपाई में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला। शुरुआती जांच के मुताबिक, बरामद नकली नोटों की कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी फिलहाल फरार है।

डेढ़ साल पहले किराए पर लिया था कमरा

आरोपी की पहचान पुष्पक कृष्ण भंडारकर उर्फ बेंडाने के रूप में हुई है। वह नागपुर के त्रिमूर्ति नगर का निवासी बताया गया है। उसने करीब डेढ़ साल पहले खरबी इलाके में कमरा किराए पर लिया था। उसका किराया समझौता जनवरी में खत्म हो गया था, जिसके बाद उसने कई महीनों तक किराया नहीं दिया।

मकान मालिक रमेश ने जब उससे कमरा खाली करने को कहा, तो आरोप है कि आरोपी ने चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद मकान मालिक ने वाठोडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

हथौड़े से तोड़ा ताला, अंदर मिले नोटों के बंडल

बताया गया कि आरोपी कई दिनों से कमरे पर नहीं आया था। शनिवार को मकान मालिक ने हथौड़े से कमरे का ताला तोड़ा। अंदर एक बाल्टी में नोटों के बंडल रखे मिले। कमरे में जगह-जगह कागज बिखरे थे और प्रिंटर भी लगा था।

यह देखकर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को 500 रुपये के नकली नोटों के बंडल और छपाई से जुड़ा सामान मिला।

नोटों की गिनती के लिए मंगानी पड़ी मशीन

बरामद नोटों की संख्या और कुल कीमत का पता लगाने के लिए नोट गिनने की मशीन मंगाई गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नकली नोटों की कुल कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच के बाद ही नकली नोटों की सही संख्या और छपाई के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button