कानपुर में घर का सपना होगा पूरा!

न्यू कानपुर सिटी के 597 प्लॉट को RERA की मंजूरी

कानपुर। अपना घर और जमीन खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) की न्यू कानपुर सिटी योजना के पहले चरण को उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) से मंजूरी मिल गई है। 24 अक्टूबर को अनुमति मिलने के बाद केडीए अब 597 प्लॉट की योजना लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। योजना दिवाली से पहले लॉन्च कर आवेदन मांगे जाने की संभावना है। हालांकि, लॉन्च की तारीख और आवेदन की शर्तों को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

55.59 एकड़ में विकसित होंगे 597 प्लॉट

न्यू कानपुर सिटी योजना को मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर के बीच विकसित करने की तैयारी है। पूरी योजना करीब 450 एकड़ में बसाई जानी है। केडीए अब तक लगभग 70 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण कर चुका है। फिलहाल रेरा ने 55.59 एकड़ जमीन पर योजना के पहले चरण को लॉन्च करने की अनुमति दी है।

यह योजना बेरी अकबरपुर कछार, गंगपुर चकबदा, सिंहपुर कछार, हिंदूपुर और संभरपुर गांवों की जमीन पर विकसित की जा रही है। केडीए यहां करीब 75 करोड़ रुपये के विकास कार्य भी शुरू करा चुका है।

36 से 162 वर्गमीटर तक के प्लॉट

पहले चरण में कुल 597 प्लॉट शामिल होंगे। इनके आकार 36 से 162 वर्गमीटर तक रखे गए हैं। योजना में बड़े प्लॉट के साथ निम्न आय वर्ग (LIG) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लोगों के लिए भी विकल्प रखे गए हैं।

फिलहाल प्लॉट की कीमतें निर्धारित करने की प्रक्रिया चल रही है। कीमतें तय होने के बाद आवेदन और आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इच्छुक लोगों को प्लॉट की कीमत, आवेदन की तारीख और पात्रता संबंधी शर्तों के लिए केडीए की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button