अमित शाह बोले- यूपी में भाजपा अंगद का पैर

कोई नहीं हिला सकता; 2027 में फिर सरकार बनानी है

लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद का पैर है, जिसे कोई नहीं हिला सकता। कार्यकर्ता कमर कस लें और अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखें। हमें प्रदेश में फिर से सरकार बनानी है।

बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में शाह ने 2500 से अधिक कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का असली मालिक कार्यकर्ता है। सरकार के काम अपनी जगह हैं, लेकिन कार्यकर्ता का पराक्रम सबसे बड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव को अपना चुनाव मानकर पूरी ताकत से जुटने को कहा।

नाराजगी और मनमुटाव गोमती में छोड़कर जाएं: शाह

अमित शाह ने पार्टी के अंदर आपसी नाराजगी और मनमुटाव को खत्म करने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपनी नाराजगी गोमती नदी में छोड़कर जाएं। चुनाव के दौरान बार-बार मुलाकात होगी और वह कार्यकर्ताओं से उनके काम का हिसाब भी पूछेंगे। उन्होंने कहा कि सभी का बही-खाता अच्छा रहना चाहिए।

शाह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी का मालिक है। संगठन को मजबूत रखने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करने को कहा।

तीसरी बार सरकार बनी तो यूपी में UCC लागू करेंगे

शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने पर यहां समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे को लेकर भी जनता के बीच संवाद करने और चुनावी तैयारी में जुटने का संदेश दिया।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की निरर्थक बकवास का जवाब 2027 में भाजपा की सरकार बनाकर देना है। शाह ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी मेहनत से चुनाव में जुटें और पार्टी को लगातार तीसरी बार सत्ता में लाने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करें।

बोले- अखिलेश के आने के बाद सपा एक भी चुनाव नहीं जीती

अमित शाह ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के आने के बाद समाजवादी पार्टी एक भी चुनाव नहीं जीती है। वहीं राहुल गांधी के आने के बाद कांग्रेस की सरकार नहीं बनी।

शाह ने कहा कि सरकार के काम अपनी जगह हैं, लेकिन कार्यकर्ता का पराक्रम सबसे बड़ा है। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक कार्यकर्ताओं का समायोजन हुआ है। सभी कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव को अपना चुनाव मानकर मैदान में उतरें।

योगी के नेतृत्व में चुनाव होंगे? विनोद तावड़े ने दिया जवाब

भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े से जब पूछा गया कि 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ा जाएगा या नहीं, तो उन्होंने कहा कि यूपी का चुनाव अमित शाह के मार्गदर्शन में होगा।

उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कई बार तारीफ की है। समझदार को इशारा काफी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button